Tuesday, October 20th, 2026

कंगना रनौत ने की रेपिस्टों को सऊदी अरब जैसी सजा देने की मांग, कहा- दकियानूसी हैं हमारे कानून

एक्ट्रेस कंगना रनौत ने महिलाओं पर अत्याचार करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी सजा तय करने की मांग की है। एक्ट्रेस ने कहा है कि भारत में भी सऊदी अरब की तरह सजा तय होनी चाहिए और महिलाओं का उत्पीड़न करने वाले लोगों को चौराहों पर लटका देना चाहिए। भोपाल में मीडिया से बात करते हुए एक्ट्रेस ने कहा कि बहुत से लोग हिम्मत ही नहीं कर पाते हैं कि वह अपने साथ हुए उत्पीड़न के बारे में बताएं। कंगना रनौत ने कहा कि लोगों के चुप रहने की एक वजह हमारे दकियानूसी कानून भी हैं। सबसे बड़ी समस्या यह है कि हमारे यहां लंबे समय तक फाइलें चलती रहती हैं। पीड़ितों को सालों तक अपने साथ हुए उत्पीड़न के बारे में बताना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जब तक हम सऊदी अरब जैसे कुछ उदाहरण पेश नहीं करेंगे, तब तक इस तरह की घटनाओं को रोका नहीं जा सकेगा। उन्होंने कहा कि हमें कम से कम 5 से 6 गैंगरेप के मामलों में इस तरह की सजा देनी चाहिए। 

कंगना रनौत अकसर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर मुखरता से अपनी बात रखती रही हैं। महिला उत्पीड़न से लेकर किसानों के आंदोलन तक पर वह अकसर सोशल मीडिया पर अपनी राय रखती रही हैं। हाल ही में उन्होंने किसान आंदोलन को लेकर भी अपनी राय रखते हुए कहा था कि इस मूवमेंट की आड़ में कुछ लोग फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं। यही नहीं किसान मूवमेंट को लेकर उनकी दिलजीत दोसांझ समेत फिल्म इंडस्ट्री के ही कुछ अन्य लोगों से तीखी बहस भी हुई थी।
 

 

#कंगना रनौत

Source : Agency

पाठको की राय